रूसी हमले की वजह से यूक्रेन की अर्थव्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हुई है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की का कहना है कि युद्ध की वजह से देश को 600 अरब डॉलर से ज्यादा का नुकसान हुआ है।हमारे सैकड़ों उद्योग-धंधे तबाह हो चुके हैं। इसके अलावा लगभग 2,500 किमी सड़कें और लगभग 300 पुल बर्बाद हो गए हैं।
दूसरी तरफ पश्चिमी देशों की तरफ से लगाए गए प्रतिबंध से रूस के ऑइल प्रोडक्शन को भी बड़ा झटका लगा है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, रूसी बैंकों और जहाजों पर प्रतिबंधों की वजह से इस साल उसके ऑयल प्रोडक्शन में 17% तक गिरावट आएगी।
युद्ध पर ताजा स्थिति
अब बाइडेन को रूसी अरबपतियों की संपत्ति जब्त करने का अधिकार
अमेरिका की संसद में बुधवार को भारी बहुमत से एक विधेयक पारित किया है। इस विधेयक में राष्ट्रपति बाइडेन से रूसी अरबपतियों की संपत्ति जब्त कर यूक्रेन को अतिरिक्त सैन्य और मानवीय सहायता भेजने की अपील की गई है। हालांकि, यह कानून गैर-बाध्यकारी है।
अमेरिका ने रूस के मूवमेंट की सटीक सूचनाएं दीं
अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि फरवरी से ही अमेरिका, यूक्रेन को रूसी सेना के मूवमेंट की रियल टाइम खुफिया जानकारी उपलब्ध करा रहा है। इससे यूक्रेन ने कीव एयरपोर्ट की ओर बढ़ रहे रूसी विमान के सैकड़ों सैनिकों को मार गिराया था। एक अधिकारी ने कहा, ‘हम यूक्रेन को लगातार उन जगहों की जानकारी दे रहे हैं, जहां रूसी सैनिक यूक्रेन पर हमले की योजना बना रहे।'
कीव के पास बोरोडिएंका शहर का दौरा करते UN चीफ एंटोनियो गुटेरेस।
रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मिलने के बाद संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस यूक्रेन पहुंचे। उन्होंने कीव के पास बोरोडिएंका शहर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जंग को भयावह और मूर्खता बताया। उन्होंने कहा- मैं लोगों का दर्द महसूस कर सकता हूं। मुझे ऐसा लगता है कि इनमें से एक घर में मेरा परिवार रहता है। जैसे मेरा परिवार अपनी जान बचाने के लिए भागने को मजबूर हो गया हो। यह जंग मूर्खता है। 21वीं सदी में हम किसी भी युद्ध को स्वीकार नहीं कर सकते।
पुतिन की परमाणु धमकी के बाद रूसी एंकर का बयान, कहा- एक दिन सबको मरना ही है
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने इशारों में पश्चिमी देशों को परमाणु हमले की धमकी दी है। इसी बीच एक रूसी एंकर दर्शकों को ये कहते हुए शांत रहने और संयम बरतने के लिए कह रही है कि सबको एक न एक दिन मर जाना है।
न्यूजवीक के मुताबिक, द इवनिंग विद व्लादिमीर सोलोविओव के एक एपिसोड में, एंकर व्लादिमीर सोलोविओव और राशियन टाइम्स की हेड मार्गरीटा सिमोनियन के साथ चर्चा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने खबर दी की परमाणु युद्ध हो सकता है। इस पर मार्गरीटा सिमोनियन ने कहा- मुझे लगता है कि तीसरी विश्व युद्ध छिड़ सकता है, क्योंकि पुतिन हार नहीं मानेंगे। सब कुछ एक न्यूक्लियर स्ट्राइक से खत्म हो जाएगा। मुझे नहीं लगता कि इसके अलावा और कुछ हो सकता है। मुझे पता है कि भयानक है लेकिन जो है सो है। उन्होंने दर्शकों से कहा कि आखिर हम सबको एक दिन मर जाना है।
यूक्रेन को हो सकता है 1 ट्रिलियन डॉलर का नुकसान
यूक्रेन के प्रधानमंत्री डेनिस श्यामल ने द इकोनॉमिस्ट में लिखे एक कॉलम में यूक्रेन को भारी भरकम आर्थिक नुकसान की बात कही है। डेनिस का मानना है कि युद्ध की वजह से यूक्रेन की अर्थव्यवस्था को 1 ट्रिलियन डॉलर का नुकसान हो सकता है। यह नुकसान 2021 के सकल घरेलू उत्पाद के पांच गुना के बराबर है।
यूक्रेन में छह साल की सोलोमिया रेउत ने अपने सैनिकों की मदद के लिए सड़क किनारे बांसुरी बजाकर 165 डॉलर जुटाए हैं।
कीव में दूतावास खोलने की तैयारी
पिछले हफ्ते बोरिस जॉनसन ने जल्द ही कीव में ब्रिटिश ऐम्बेसी फिर से शुरू करने की घोषणा की थी। इस तैयारी के बीच सोमवार को अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने भी अपनी यूक्रेन यात्रा के दौरान घोषणा की थी कि अमेरिकी डिप्लोमैट्स भी एक हफ्ते के भीतर कीव लौट आएंगे।
असर: पोलैंड-बुल्गारिया की गैस सप्लाई रोकी, कीमत 24% बढ़ी
रूस ने यूक्रेन की मदद के आरोप में पोलैंड और बुल्गारिया को नेचुरल गैस की सप्लाई बंद करते हुए साफ संदेश दिया है कि वह अपने खिलाफ खड़े होने वालों को छोड़ेगा नहीं। दोनों यूरोपीय देशों पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने रूबल मुद्रा में भुगतान नहीं किया। रूस के फैसले की वजह से यूरोपीय गैस की कीमतें आज 24% बढ़कर इस महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं। यह एक साल पहले की तुलना में लगभग 7 गुना ज्यादा है।